नाहन: पूर्व BDO और ‘हिमकू’ दुकान के संचालक जयपाल शर्मा नहीं रहे, 86 की उम्र में ली अंतिम सांस

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : ऐतिहासिक शहर नाहन में दिल्ली गेट के समीप दशकों से ‘हिमकू’ के उत्पादों की मिठास और स्वाद घोलने वाले समाज के वरिष्ठ एवं सम्मानीय नागरिक जयपाल शर्मा का निधन हो गया है। वे 86 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से किडनी (गुर्दे की बीमारी) से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही शहर के व्यापारिक व सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।

दिवंगत जयपाल शर्मा सरकारी सेवा में B.D.O. (खंड विकास अधिकारी) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के पश्चात उन्होंने अपनी ऊर्जा और समय को नाहन शहर की प्रसिद्ध ‘हिमकू’ दुकान के संचालन में लगाया। दिल्ली गेट स्थित उनकी इस दुकान पर मिलने वाले हिमकू के पारंपरिक अचार, जूस व अन्य उत्पाद न केवल स्थानीय लोगों बल्कि शहर में आने वाले पर्यटकों के बीच भी खासे लोकप्रिय थे।

जयपाल शर्मा जी ने अपनी निष्ठा और सरल व्यवहार से नाहन में ‘हिमकू’ ब्रांड की पहचान को वर्षों तक जीवंत रखा। स्थानीय लोग उन्हें एक मिलनसार, कर्मठ और सहृदय व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं।

वे अपने पीछे हरा-भरा परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें उनकी पत्नी, दो बेटे, उनकी बहुएँ और तीन पोते-पोतियां शामिल हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:00 बजे नाहन स्थित मोक्ष धाम में किया जाएगा, जहाँ शहर के गणमान्य लोग उन्हें अंतिम विदाई देंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।