नाहन: फूड सेफ्टी विंग और एंटी चिट्टा फ्लाइंग स्क्वैड की बाज़ार में एंट्री से मचा हड़कंप

नाहन : हिमाचल प्रदेश को पूरी तरह से तंबाकू मुक्त बनाने के संकल्प के साथ स्वास्थ्य विभाग ने अपनी कमर कस ली है। इसी कड़ी में सिरमौर जिले को नशामुक्त करने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों के साथ मिलकर एक व्यापक जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम के तहत न केवल लोगों को तंबाकू के जानलेवा नुकसानों के प्रति सचेत किया जा रहा है, बल्कि नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।

मंगलवार को जिला मुख्यालय नाहन में उस समय हड़कंप मच गया जब स्वास्थ्य विभाग, फूड सेफ्टी विंग और एंटी चिट्टा स्क्वैड की संयुक्त ‘फ्लाइंग टीम’ ने शहर के कई बाजारों में औचक दबिश दी। टीम ने विभिन्न दुकानों में जाकर तंबाकू उत्पादों के स्टॉक की जांच की और व्यापारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए।

अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. बलजीत नेगी ने बताया कि जिले में तंबाकू नियंत्रण को लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि सिगरेट या अन्य तंबाकू उत्पादों को खुले (Loose) रूप में बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है। तंबाकू उत्पाद बेचने के लिए दुकानदारों को नगर परिषद से बकायदा लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।डॉ. नेगी ने साफ किया कि लाइसेंस मिलने के बाद भी कोई भी दुकानदार नियमों का उल्लंघन कर खुले में तंबाकू नहीं बेच पाएगा।

कोटपा (COTPA) अधिनियम का हवाला देते हुए नोडल अधिकारी ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर बीड़ी-सिगरेट पीना कानूनी अपराध है। ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर 5,000 रुपये तक का भारी जुर्माना वसूला जा सकता है। इसके अतिरिक्त, किसी भी शैक्षणिक संस्थान (स्कूल-कॉलेज) के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी है।

डॉ. बलजीत नेगी ने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य फिलहाल लोगों और दुकानदारों को कानून के प्रति जागरूक करना है। यही वजह है कि आज की कार्रवाई के दौरान किसी का चालान नहीं काटा गया, बल्कि उन्हें नियमों की पालना करने की समझाइश दी गई। आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।