नाहन : योग साधन आश्रम (नाहन शाखा) द्वारा 24 और 25 जुलाई को दो दिवसीय ‘योग यात्रा’ एवं व्यास पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। परम पूज्य श्री 1008 योगेश्वर प्रभु रामलाल जी महाराज, श्री 108 स्वामी मुलख राज जी महाराज एवं पूज्य सदगुरुदेव श्री चमन लाल कपूर जी महाराज की पावन अनुकम्पा से यह कार्यक्रम आयोजित होगा। यह समस्त धार्मिक व योगाभ्यास कार्यक्रम समीप रॉयल पैलेस स्थित आर.पी.एन.पी. एकलेव के टॉप फ्लोर पर संपन्न कराया जाएगा।
दो दिवसीय इस आयोजन के पहले दिन, यानी 24 जुलाई (शुक्रवार) को प्रातः 6:00 से 8:00 बजे तक नि:शुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन होगा। इसके पश्चात प्रातः 10:00 बजे श्री योग महादिव्य रामायण पाठ की शुरुआत की जाएगी, जबकि शाम 4:30 से 5:30 बजे के बीच हठ योग का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा।

कार्यक्रम के दूसरे दिन, 25 जुलाई (शनिवार) को प्रातः 6:00 से 8:00 बजे तक पुनः नि:शुल्क योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तक हवन, आरती एवं श्री योग महादिव्य रामायण पाठ का भोग डाला जाएगा। दोपहर 12:00 से 1:00 बजे तक हठ योग प्रदर्शन के साथ-साथ सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
आश्रम प्रबंधन व समस्त गुरु सेवक गण—प्रवीन अग्रवाल, हरीश शर्मा, राजीव गुप्ता एवं राजेश सैनी ने सभी क्षेत्रवासियों को सपरिवार इस पावन उत्सव में आमंत्रित किया है। साथ ही, योग सीखने के इच्छुक साधकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने साथ एक गिलास और रुमाल अवश्य लेकर आएं।