नाहन में SIU टीम की बड़ी कामयाबी: 6.24 ग्राम चिट्टे के साथ तस्कर गिरफ्तार

नाहन : जिला सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार, 25 अप्रैल को टीम ने नाहन के नेचर पार्क के समीप घेराबंदी कर एक व्यक्ति को 6.24 ग्राम चिट्टा/स्मैक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान 36 वर्षीय बिन्दु शाही के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चम्बा का निवासी है लेकिन वर्तमान में कालाआम्ब की शिवालिक कॉलोनी में रह रहा था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाली मूल का यह व्यक्ति काफी समय से नाहन और कालाआम्ब के सीमावर्ती इलाकों में चिट्टा बेचने के अवैध धंधे में सक्रिय है। सूचना के आधार पर जब SIU की टीम मौके पर पहुँची, तो आरोपी नेचर पार्क के नीचे सड़क किनारे खड़ा होकर लिफ्ट लेने की फिराक में था। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे काबू किया और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कालाआम्ब में रहकर नाहन और आसपास के युवाओं को निशाना बना रहा था। पुलिस थाना नाहन में आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (ND & PS Act) की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की कड़ियां जोड़ रही है कि इस नशे की खेप का मुख्य स्रोत क्या था और आरोपी इसे किन लोगों को बेचने जा रहा था। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।