नाहन में अवैध पोस्टरों पर MC सख्त: 3 दिनों में नहीं हटाए तो होगी कानूनी कार्रवाई

नाहन : शहर की सुंदरता को दाग लगाने वाले अवैध पोस्टरों और विज्ञापनों के खिलाफ नगर परिषद ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति के लगाए गए विज्ञापनों को हटाने के लिए नगर परिषद ने तीन दिनों का अल्टीमेटम जारी किया है। कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर इन अवैध पोस्टरों को संबंधित व्यक्तियों या संस्थाओं द्वारा नहीं हटाया गया, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर परिषद के अनुसार, शहर में जगह-जगह दीवारों और सार्वजनिक संपत्तियों पर पोस्टर चस्पा होने से सुंदरता प्रभावित हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए अब विज्ञापन लगाने की प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित और डिजिटल कर दिया गया है। जो भी लोग या संस्थान अपने विज्ञापन प्रदर्शित करना चाहते हैं, उन्हें अब नगर परिषद द्वारा चिन्हित साइटों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विभाग से औपचारिक अनुमति मिलने के बाद ही निर्धारित स्थानों पर विज्ञापन लगाए जा सकेंगे।

नगर परिषद नाहन

नगर परिषद ने यह भी साफ किया है कि अब भविष्य में शहर के किसी भी अनधिकृत स्थान पर विज्ञापन लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विज्ञापन के लिए केवल वही स्थल मान्य होंगे जिन्हें परिषद ने विशेष रूप से चिन्हित किया है। इस कदम का उद्देश्य न केवल शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है, बल्कि अवैध विज्ञापन गतिविधियों पर अंकुश लगाकर राजस्व को भी व्यवस्थित करना है। परिषद ने सभी शहरवासियों से सहयोग की अपील की है ताकि नाहन की सुंदरता को बरकरार रखा जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।