नाहन : अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध और ‘एंटी-चिट्टा दिवस’ के मौके पर एक तरफ जहाँ जिला पुलिस नशे की पुरानी खेपों को नष्ट कर रही थी, वहीं दूसरी तरफ मुस्तैद स्पेशल डिटेक्शन सैल ने नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। नाहन पुलिस थाना के अंतर्गत स्पेशल डिटेक्शन सैल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी के दौरान दो शातिर नशा तस्करों को 7.21 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी चंडीगढ़ से नशा लाकर जिला के रेणुका जी क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में थे।
मिली जानकारी के अनुसार, आज 26 जून को स्पेशल डिटेक्शन सैल नाहन की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि दो युवक काफी समय से क्षेत्र में मादक पदार्थ चिट्टा और हेरोइन बेचने का अवैध धंधा कर रहे हैं। सूचना में यह भी साफ हुआ कि आज भी दोनों आरोपी एक ऑल्टो कार (नंबर HP71-1726) में सवार होकर चंडीगढ़ से चिट्टे की बड़ी खेप लेकर रेणुका जी की तरफ आ रहे हैं।

गुप्त सूचना पर त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई अमल में लाते हुए स्पेशल डिटेक्शन टीम ने वर्षा शालिका लोहारड़ी के पास नाका लगाया और संदिग्ध ऑल्टो कार को रुकवाया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 7.21 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की। पूछताछ के दौरान कार सवार एक युवक ने अपना नाम गौरव ठाकुर और दूसरे ने अपना नाम देविंदर शर्मा बताया, जो कि ददाहू (जिला सिरमौर) के रहने वाले हैं।
पुलिस ने नशीले पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त कार को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। एसपी निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे चंडीगढ़ में यह नशा किससे खरीद कर लाए थे और सिरमौर में इसे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।