नाहन में गायत्री जयंती और महाप्रयाण दिवस पर दीप यज्ञ का भव्य आयोजन; गूंजे वेदमंत्र

नाहन : जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में गायत्री जयंती और युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के महाप्रयाण दिवस (स्वेच्छा से शरीर त्यागने का पावन दिन) के उपलक्ष्य में एक भव्य और भावपूर्ण ‘दीप यज्ञ’ का आयोजन किया गया। मां गायत्री के अवतरण दिवस के इस पावन अवसर पर 24 जून को शाम 4:30 बजे से लेकर 7:30 बजे तक आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में नाहन कई श्रद्धापूर्वक हिस्सा लिया।

इस पावन दीप यज्ञ की विशेषता यह रही कि पारंपरिक हवन कुंड के स्थान पर दीपकों के मध्य से मंत्रोच्चारण करते हुए बेहद भावुक और श्रद्धा से ओत-प्रोत आहुतियां प्रदान की गईं। वेद मंत्रों के सस्वर उच्चारण और गायत्री महामंत्र की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण और आत्म-शुद्धि की कामना के साथ दीप प्रज्वलित किए। तीन घंटे तक चले इस आयोजन से पूरा वातावरण आध्यात्मिक और भक्तिमय हो उठा।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों और मां गायत्री के अवतरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज ही के दिन गुरुदेव ने स्वेच्छा से महाप्रयाण किया था, इसलिए यह दिन संकल्प और साधना का एक अनूठा संगम है। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

गायत्री परिवार जिला सिरमौर ट्रस्ट की महासचिव निर्मल सहित समाज के कई गणमान्य लोग इस आयोजन के साक्षी बने। कार्यक्रम को सफल बनाने में संतोष, महिमा, सविता, कृष्णा भट्ट, सुदेश अग्रवाल और अक्षणा अग्रवाल सहित कई अन्य वरिष्ठ सदस्यों व मातृशक्ति ने मुख्य भूमिका निभाई। इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गायत्री परिवार और आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 60 से 70 श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।