नाहन: जिला मुख्यालय नाहन में चोरों और असामाजिक तत्वों के हौसले इस कदर बढ़ चुके हैं कि अब उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। शहर में चोरी का एक बेहद हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शातिर चोरों ने शिमला रोड पर खड़ी एक चमचमाती मारुति सुज़ुकी (फ्रॉन्क्स) के चारों ही टायर और अलॉय व्हील उड़ा दिए। चोरों ने वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि गाड़ी को ईंटों के सहारे खड़ा कर रफूचक्कर हो गए।
इतना ही नहीं, चोरों की भूख यहीं शांत नहीं हुई। उन्होंने इसी क्षेत्र में थोड़ी ही दूरी पर खड़ी एक अन्य गाड़ी को भी निशाना बनाया और उसका भी एक टायर खोलकर ले उड़े।

जानकारी के अनुसार, रोज़ की तरह वाहन मालिक ने अपनी गाड़ी (नंबर: HP 18 C 6241) को शिमला रोड के पास पार्क किया था। लेकिन जब सुबह देखा गया तो गाड़ी के चारों पहिए गायब थे और कार पत्थरों व ईंटों के सहारे टिकी हुई थी। दिनदहाड़े और मुख्य मार्ग के पास हुई इस वारदात से स्थानीय निवासियों और वाहन मालिकों में भारी रोष और दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तफ्तीश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में रात के समय गश्त बढ़ाने की सख्त जरूरत है, क्योंकि चोरों के बढ़ते हौसले अब आम जनता की संपत्ति के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं।