नाहन में प्रवासी मजदूरों के 5-5 किलो वाले 8 सिलेंडर चोरी, पुलिस जांच में जुटी

नाहन: जिला मुख्यालय नाहन के अमरपुर मोहल्ला में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ किराए के कमरे में रहने वाले प्रवासी मजदूरों के 8 कमर्शियल गैस सिलेंडर पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब सभी मजदूर अपने घर गए हुए थे और कमरा बंद था।

जानकारी के अनुसार, अमरपुर मोहल्ला निवासी सुमन देवी पत्नी रोशन लाल के मकान में कई प्रवासी मजदूर किराए पर रहते हैं। पिछले दिनों ये सभी मजदूर अपने पैतृक गांव गए हुए थे। जब वे वापस लौटे, तो कमरे का नजारा देखकर दंग रह गए। कमरे में रखे 5-5 किलोग्राम वाले 8 कमर्शियल सिलेंडर गायब थे। शातिर चोरों ने सूने कमरे की रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया है।

मकान मालिक सुमन देवी ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। चोरी हुए सिलेंडर छोटे कमर्शियल श्रेणी के थे, जिनका उपयोग ये मजदूर अपनी दैनिक जरूरतों के लिए करते थे। सिलेंडरों का चोरी होना इन गरीब मजदूरों के लिए एक बड़ा आर्थिक झटका है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना किया और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि पता लगाया जा सके कि सिलेंडरों को ले जाने के लिए चोरों ने किस वाहन का इस्तेमाल किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।