नाहन : आज नाहन के कार्मेल स्कूल के समीप एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक गाय अचानक सड़क की सुरक्षा रेलिंग पार कर गहरी खाई के मुहाने पर जा फंसी। जिस समय गाय वहाँ फंसी, उस वक्त इलाके में तेज़ बारिश हो रही थी, जिससे ढलान पर काफी फिसलन हो गई थी। गाय जिस जगह खड़ी थी, वहाँ ज़रा सी भी चूक से वह नीचे गिर सकती थी और ऊपर सड़क पर आने का कोई रास्ता नहीं था।
घटना की सूचना विजय सैनी ने हिल्स पोस्ट मीडिया को दी थी और उनके मित्र ने मौके का वीडियो बनाकर साझा किया था। लगभग दोपहर 12:30 पर जैसे ही यह वीडियो हिल्स पोस्ट मीडिया के पेज पर अपलोड हुआ, इसे देखते ही श्री सनातन चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी नाहन के सदस्य राजीव शर्मा हरकत में आए। वे बिना एक पल की देरी किए तुरंत अपनी स्कूटी से रवाना हुए और दोपहर 1:15 बजे सीधे कार्मेल स्कूल के पास मौके पर पहुँच गए।

राजीव शर्मा ने मौके पर पहुँचते ही पहले ही फायर ब्रिगेड को भी सूचित कर दिया। घटनास्थल पर पहुँचते ही उनके साथी एक्स कैप्टन जीत राम शर्मा, इन्द्रा चावरिया और आसपास के लोग भी मदद के लिए एकत्र हो गए। पास ही नगर परिषद में कार्यरत नंद लाल का घर था, जिन्होंने तुरंत बचाव कार्य के लिए मजबूत रस्सी का प्रबंध किया। राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू शुरू होते ही बारिश भी थम गई थी।
खाई के मुहाने पर फंसी गाय को सुरक्षित निकालना बेहद जोखिमभरा था। टीम के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ 2 से 3 बार प्रयास किए। लगभग 20 से 25 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार गाय को सुरक्षित खींचकर सड़क पर पहुँचा दिया गया।
उल्लेखनीय है कि श्री सनातन चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी, नाहन शहर में असहाय, बीमार और बेज़ुबान पशुओं की सहायता व देखरेख के लिए हमेशा तैयार रहती है। खराब मौसम और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संस्था के सदस्यों द्वारा दिखाए गए इस मानवीय प्रयास की स्थानीय निवासियों ने जमकर सराहना की है।