नाहन : शहर के ऐतिहासिक चौगान मैदान स्थित पुलिस पोस्ट के समीप आज यातायात नियमों के प्रति आम जनता और वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए एक आधुनिक डिजिटल डिस्प्ले स्क्रीन स्थापित की गई है। संभवतः सिरमौर जिले में यातायात जागरूकता के उद्देश्य से लगाई गई यह पहली इस तरह की डिजिटल LED स्क्रीन है।
इस स्क्रीन के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश और आकर्षक स्लोगन प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इसमें “सड़क पर हीरो वही, जो पहने हेलमेट” जैसे प्रभावशाली नारों के ज़रिए युवाओं और वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से अब पारंपरिक होर्डिंग्स और पोस्टरों के स्थान पर आधुनिक तकनीक से निरंतर जागरूकता संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे आम लोगों का ध्यान आसानी से आकर्षित हो सके।
इसके ज़रिए वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग न करने और नशे में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। चौगान पुलिस पोस्ट जैसे व्यस्त स्थल पर यह स्क्रीन स्थापित होने से प्रतिदिन यहाँ से गुजरने वाले सैकड़ों पैदल यात्रियों और वाहन चालकों तक सुरक्षा संदेश प्रभावी ढंग से पहुँचेंगे।
स्थानीय निवासियों और प्रबुद्ध जनों ने पुलिस एवं प्रशासन की इस अनूठी पहल का स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि इस प्रकार के डिजिटल प्रयासों से विशेषकर युवा वर्ग में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।