नाहन में शोक की लहर: सड़क हादसे में प्रसिद्ध ‘तेज्जे हलवाई’ के संचालक की पत्नी का निधन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: शहर के लिए शुक्रवार का दिन एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर के साथ शुरू हुआ। नया बाजार की मशहूर मिठाई दुकान ‘तेज्जे हलवाई’ के संचालक राजेंद्र जी की धर्मपत्नी, सुरेंद्र कौर (56) का हरियाणा में हुए एक सड़क हादसे में असामयिक निधन हो गया है। इस हृदयविदारक दुर्घटना की सूचना मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। खुशियों और यादगार पलों की उम्मीद से शुरू हुई यह पारिवारिक यात्रा अचानक गहरे मातम में बदल गई।

परिवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेंद्र जी अपनी पत्नी के साथ ‘बागड़ देश’ की यात्रा पर निकले थे। बस में सीट न मिलने के कारण वे अपनी निजी कार से सफर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात करीब एक बजे, जब उनकी गाड़ी हरियाणा के शाहाबाद मारकंडा के पास पहुंची, तो वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सुरेंद्र कौर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस भयंकर हादसे में संचालक राजेंद्र और कार चला रहे ड्राइवर दीपु बाल-बाल बच गए हैं। हालांकि, सदमे और चोटों के चलते राजेंद्र जी को तुरंत उपचार के लिए अल्केमिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

परिवार के सदस्य मोनू सैनी ने इस दुखद हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस अचानक हुए वज्रापात से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। नया बाजार स्थित ‘तेज्जे हलवाई’ की दुकान नाहन की पुरानी और प्रतिष्ठित दुकानों में गिनी जाती है। वर्षों से व्यापार से जुड़े इस सम्मानित परिवार पर आए इस संकट और सुरेंद्र कौर के निधन से स्थानीय व्यापार मंडल और शहरवासियों में भी भारी शोक व्याप्त है।

जो सफर अपनों के साथ कुछ हसीन पल बिताने के लिए शुरू हुआ था, वह इस परिवार के लिए जीवनभर का नासूर बन गया है। शहर के तमाम गणमान्य लोग और नागरिक शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट कर रहे हैं तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।