नाहन : सिरमौर पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिम्बलवाला-जब्बल का बाग लिंक रोड पर सरेआम ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगा रहे चार युवकों को रंगे हाथों दबोचा है। पुलिस थाना नाहन की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की गई।
मौके से पकड़े गए चारों आरोपियों की पहचान मोहित (निवासी मोहल्ला बाल्मिकी बस्ती, नाहन), सम्राट (निवासी मोहल्ला बाल्मिकी बस्ती, नाहन), कुशाल (निवासी मोहल्ला बाल्मिकी बस्ती, नाहन) तथा राहुल (निवासी मोहल्ला गोबिन्दगढ़, नाहन) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल से जुए में इस्तेमाल किए जा रहे ताश के पूरे 52 पत्ते और 1,700 रुपये की नकद राशि बरामद की। पुलिस ने सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना नाहन में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा इस मामले में आगामी छानबीन की जा रही है ।