नाहन: यशवंत विहार में घरों में घुसा गंदा पानी; आक्रोशित लोगों ने DC को सौंपा ज्ञापन

नाहन : भारी बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-72 का डंगा और सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से नाहन स्थित यशवंत विहार के निवासियों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। बीते कल सुबह करीब 10:30 बजे बारिश के पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा और गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है और उन्हें दिनभर भारी परेशानियों से जूझना पड़ा। लोगों ने एकजुट होकर उपायुक्त सिरमौर को एक मांग पत्र सौंपा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि NH-72 के नीचे से कौंलावाला भूड़ रोड की ओर जाने वाला नाला पहले से ही संकरा और कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के कारण जब हाईवे की रिटेनिंग वॉल ढह गई, तो सारा मलबा और पानी रुकने के बजाय सीधे रिहायशी इलाके में आ घुसा। इसके अलावा, नाले के ठीक बीचों-बीच स्थित बिजली का खंभा स्थिति को और गंभीर बना रहा है, क्योंकि बहकर आने वाला कचरा इसमें फंस जाता है और पानी का बहाव अवरुद्ध होकर घरों की तरफ मुड़ जाता है।

समस्या के स्थायी समाधान को लेकर यशवंत बिहार के प्रभावित निवासियों ने एकजुट होकर उपायुक्त सिरमौर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों व निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त नाले की तुरंत प्रभाव से मरम्मत की जाए, नाले के बीच से बिजली के पोल को हटाया जाए और कॉलेज की तरफ से आने वाले पानी की निकासी के लिए जाली का प्रबंध किया जाए। मानसून के मौसम को देखते हुए निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।