नाहन-रेणुका जी मार्ग पर भारी भूस्खलन: डेढ़ घंटे तक फंसी रही एम्बुलेंस सहित दर्जनों गाड़ियां

नाहन : मानसून की शुरुआत होते ही जिला सिरमौर के पहाड़ी मार्गों पर सफर करना जोखिम भरा होने लगा है। मंगलवार दोपहर बाद नाहन-श्री रेणुका जी मार्ग पर नेहली धीडा के समीप पहाड़ी से अचानक एक विशाल चट्टान टूटकर मुख्य सड़क पर आ गिरी, जिससे भारी लैंडस्लाइड हो गया। इस घटना के बाद मार्ग दोनों तरफ से पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक इस मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पहाड़ी से चट्टान गिरने के कारण हुए इस भूस्खलन की वजह से सड़क के दोनों ओर गाड़ियों के पहिए थम गए। इस भारी जाम में कई निजी वाहन, सरकारी व निजी बसें और सबसे चिंताजनक रूप से एक आपातकालीन वाहन भी फंस गया। एम्बुलेंस के जाम में फंसने के कारण उसमें सवार मरीज और तीमारदारों को बेहद परेशानी झेलनी पड़ी। इसके अलावा उमस और खराब मौसम के बीच बसों में सफर कर रहे यात्रियों, महिलाओं और बच्चों को भी डेढ़ घंटे तक सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की मशीनरी और कर्मचारियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। विभाग ने बिना समय गंवाए युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया और सड़क के बीचो-बीच पड़ी विशाल चट्टान और मलबे को हटाकर करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल करवाया। मार्ग बहाल होने के बाद ही जाम में फंसे वाहन चालकों और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

गौरतलब है कि बीते वर्ष भी मानसून के दौरान इसी नाहन-श्री रेणुका जी मार्ग पर लगातार हुए भूस्खलन के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को हफ़्तों तक भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। अब इस साल भी मानसून शुरू होते ही एक बार फिर चट्टानें गिरने का सिलसिला शुरू होने से क्षेत्र के लोगों की चिंताएं बढ़ने लगी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और भारी बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें और बहुत जरूरी होने पर ही सफर करें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed