नाहन: हिमाचल प्रदेश के नाहन में महर्षि वाल्मीकि चौक पर 23 अक्टूबर को दो समुदायों के बीच हुए विवाद और पथराव के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इस हिंसक झड़प में पुलिसकर्मियों सहित दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे और सार्वजनिक व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ये आरोपी हुए हैं गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में दोनों पक्षों से संलिप्त निम्नलिखित 11 लोगों को 27 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें मंगलवार, 28 अक्टूबर को अदालत में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपीयों में वासु (37 वर्ष), निवासी वाल्मीकि बस्ती, शिवराज (29 वर्ष), निवासी वाल्मीकि बस्ती, विधा सागर उर्फ राहुल (31 वर्ष), निवासी वाल्मीकि बस्ती, आर्यन (19 वर्ष), निवासी नाहन, आर्यवीर उर्फ आदि, निवासी वाल्मीकि मोहल्ला, प्रकाश सिंह उर्फ बादल (24 वर्ष), निवासी मोहल्ला गोविंदगढ़, कुलविन्द्र सिंह उर्फ खोजु (24 वर्ष), निवासी मोहल्ला गोविंदगढ़, सुखविन्द्र सिंह उर्फ गप्पु (21 वर्ष), निवासी मोहल्ला गोविंदगढ़, गुरजीत सिंह उर्फ गुजु (27 वर्ष), निवासी मोहल्ला गोविंदगढ़, तेजपाल सिंह उर्फ तेजु (19 वर्ष), निवासी मोहल्ला गोविंदगढ़, सोहन सिंह (21 वर्ष), निवासी मोहल्ला गोविंदगढ़, नाहन शामिल हैं।
अन्य संलिप्त लोगों की भी हो रही है जांच
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिरमौर की आम जनता से अपील
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से विशेष आग्रह किया है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री को साझा करने से बचें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें।