शिमला: एपीजी शिमला यूनिवर्सिटी के फार्मेसी विभाग द्वारा मंगलवार को कैंपस में एक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों और फैकल्टी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मानवता की इस मिसाल में अपना योगदान दिया।
इस शिविर में कमला नेहरू स्टेट हॉस्पिटल फॉर मदर एंड चाइल्ड, शिमला की विशेष मेडिकल टीम ने पहुंचकर ब्लड कलेक्शन की पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से पूरा कराया। टीम का नेतृत्व कंचन सिंह ने किया, जबकि बलदेव राणा, सविता कुमारी, ललित शर्मा और कामेश्वर ने रक्तदाताओं की पूरी मदद की। दिनभर चले इस अभियान के दौरान कुल 45 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

सामाजिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं युवा
यूनिवर्सिटी के प्रबंधन और प्रशासन ने सभी रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई महादान नहीं है और आपका एक यूनिट खून किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। छात्रों और शिक्षकों द्वारा अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए आगे आना बेहद गर्व की बात है, जिससे युवाओं में सेवा की भावना मजबूत होती है।
यह पूरा आयोजन फार्मेसी विभाग के डीन डॉ. संदीप सचन और विभागाध्यक्ष ललित कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी का फार्मेसी विभाग हमेशा से सामाजिक और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में आगे रहा है और आगे भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे। शिविर के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और रिफ्रेशमेंट दी गई, साथ ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कमला नेहरू अस्पताल की मेडिकल टीम का भी आभार जताया।