नाहन : शहर के अमरपुर मोहल्ले में रविवार देर रात मकान मालिक और किरायेदार के बीच शराब पीने व शोर मचाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले और जमकर मारपीट हुई। इस घटना में मकान मालिक, उनके पड़ोसी और किरायेदार समेत दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस थाना नाहन में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रास केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मकान मालिक रामनाथ निवासी अमरपुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि रात करीब 11 बजे उनके निचले फ्लोर पर स्थित किरायेदार के कमरे में 4-5 लोग शराब पीकर जोर-जोर से गाली-गलौच कर रहे थे। जब वह उन्हें समझाने नीचे गए, तो आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर गला पकड़ लिया और मारपीट की। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी के साथ भी हाथापाई की गई। शोर सुनकर जब पड़ोसी विजय कुमार, संजय चावला और मनीष सैनी मौके पर पहुंचे, तो उन पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। इस हमले में रामनाथ सहित उनके तीनों पड़ोसियों को गंभीर चोटें आई हैं।

वहीं दूसरी ओर, दूसरे पक्ष के कामेश्वर कपूर निवासी ग्राम कांडो दुगाना (तहसील कमरऊ) ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह अमरपुर मोहल्ले में अपने रूममेट सौरभ तोमर तथा दोस्तों सचिन व जगपाल के साथ कमरे में मौजूद थे। रात करीब 11 बजे जब वे आपस में बातें कर रहे थे, तभी मकान मालिक पड़ोस के कुछ अनजान लड़कों के साथ अचानक उनके कमरे में घुस आए और गाली-गलौच व मारपीट शुरू कर दी। इस झड़प में कामेश्वर और उनके दोस्तों को भी काफी चोटें आई हैं।
देर रात हुई इस मारपीट से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस थाना नाहन में दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस निष्पक्षता से पूरे मामले की छानबीन कर रही है कि विवाद की असली शुरुआत किस पक्ष की ओर से हुई थी।