सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। वीरवार दोपहर बाद विश्वविद्यालय के एक छात्र की वाटर स्टोरेज टैंक में गिरने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे कैंपस में शोक की लहर दौड़ गई है और हड़कंप मच गया है।

मृतक छात्र की पहचान मंजीत जसवाल के रूप में हुई है, जो बीएससी (हॉर्टीकल्चर) फाइनल ईयर का छात्र था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंजीत हॉस्टल से कुछ ही दूरी पर स्थित वाटर स्टोरेज टैंक के पास था, जहाँ वह अचानक टैंक में गिर गया। मंजीत उत्तर प्रदेश के वाराणसी का निवासी था और आईसीएआर (ICAR) कोटे के तहत विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहा था।
टैंक में गिरने के बाद उसे किसी तरह बाहर निकाला गया और तुरंत प्राथमिक उपचार भी दिया गया, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही छात्र दम तोड़ चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही सोलन पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई और कारण।
मंजीत एक होनहार छात्र था और अपनी डिग्री के अंतिम वर्ष में था। इस अचानक हुई मृत्यु से उसके सहपाठियों और शिक्षकों में गहरा शोक है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। फिलहाल पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।