सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी अपना 42वां स्थापना दिवस और वार्षिक किसान मेला 1 दिसंबर को मनाने जा रहा है। इस समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कविंदर गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस साल के आयोजन का मुख्य विषय नारी शक्ति, प्रकृति और प्रगति: 2047 की ओर हिमालयी बागवानी एवं वानिकी रखा गया है। कार्यक्रम में प्रदेश भर के किसान, वैज्ञानिक, प्राध्यापक और विद्यार्थी एक मंच पर जुटकर बागवानी, वानिकी और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने पर मंथन करेंगे।

डिजिटल बागवानी और ड्रोन तकनीक के लिए आईटीआई लिमिटेड के साथ समझौता
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय और भारत सरकार के सार्वजनिक उपक्रम आईटीआई लिमिटेड के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस करार के तहत विश्वविद्यालय में ‘डिजिटल औद्यानिकी एवं ड्रोन प्रौद्योगिकी में उत्कृष्टता केंद्र’ स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र के बनने से बागवानी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, सटीक कृषि पद्धतियों और खेतों में ड्रोन व डिजिटल समाधानों के उपयोग को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
किसान मेले में दिखेगी नई किस्मों की झलक, प्रगतिशील महिला किसानों का होगा सम्मान
समारोह का मुख्य आकर्षण किसान मेला रहेगा, जहां किसानों को वैज्ञानिकों से सीधा संवाद करने और नई तकनीकों की जानकारी लेने का मौका मिलेगा। मेले में विश्वविद्यालय द्वारा विकसित फलों और अन्य फसलों की उन्नत किस्मों व नवाचारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2026 को ‘अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष’ घोषित किए जाने के चलते इस बार कृषि और बागवानी में महिलाओं के योगदान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस मौके पर महिला किसानों से जुड़े मुद्दों पर विशेष व्याख्यान आयोजित होंगे और हिमाचल की प्रगतिशील महिला किसानों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।
1962 में कृषि महाविद्यालय से हुई थी शुरुआत
उल्लेखनीय है कि नौणी विश्वविद्यालय की स्थापना 1 दिसंबर 1985 को हुई थी, हालांकि इसकी नींव वर्ष 1962 में सोलन में शुरू हुए कृषि महाविद्यालय के रूप में पड़ी थी। पिछले चार दशकों से अधिक के सफर में इस संस्थान ने शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार गतिविधियों के जरिए न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि पूरे देश में बागवानी और वानिकी के विकास में अहम भूमिका निभाई है।