नाहन : पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत भेलन गांव के समीप दो बसों के बीच टक्कर होने का मामला सामने आया है। हादसा एक निजी बस चालक द्वारा तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री या चालक को चोट नहीं आई है और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल एचआरटीसी नाहन डिपो के बस चालक रोहित पुंडीर ने पुलिस थाना पच्छाद में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि वह सरकारी बस (संख्या HP71A-9355) को सराहां बस अड्डे से चलाकर ले जा रहे थे। सुबह के समय जब वे भेलन गांव से थोड़ा पहले मोड़ पर पहुंचे, तो सामने भेलन की तरफ से आ रही ‘शीतल’ नामक निजी बस (संख्या HP16AA-8085) के चालक ने लापरवाही और गफलत में चलाते हुए सरकारी बस के किनारे (साइड) में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के कारण सरकारी बस को काफी नुकसान पहुंचा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह दुर्घटना निजी बस चालक की जल्दबाजी और गफलत में वाहन चलाने की वजह से हुई। राहत की बात यह रही कि दोनों बसों में सवार यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं पहुंची है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एचआरटीसी चालक की शिकायत पर आरोपी निजी बस चालक के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।