नाहन : जिला सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भगायण घाट में एक किराना दुकान पर छापेमारी कर अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल पच्छाद पुलिस की एक टीम इलाके में नियमित गश्त और कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निकली हुई थी। गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि प्रेम सिंह (पुत्र राम सिंह, निवासी गांव धार चिम्लुआ, डाकघर डिंगर किन्नर, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर), जो हाल ही में भगायण घाट में अपनी किराना दुकान चलाता है, दुकान की आड़ में अवैध रूप से देशी शराब बेचने का धंधा कर रहा है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। दुकान की तलाशी लेने पर पुलिस कर्मियों को मौके से 10 बोतलें देशी शराब की बरामद हुईं। जब पुलिस ने आरोपी से शराब की बिक्री और रखने से संबंधित दस्तावेज व लाइसेंस मांगा, तो वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद शराब को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस थाना पच्छाद में आरोपी प्रेम सिंह के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों और बिना लाइसेंस शराब बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।