सोलन: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परवाणू पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सेब मंडी परवाणू के पास नाकाबंदी कर एक कार से 26.89 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में कार सवार दो युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिमला के कृष्णा नगर निवासी 26 वर्षीय प्रवीण चौहान और कृष्णा नगर निवासी 30 वर्षीय अंकुश के रूप में हुई है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान शक के आधार पर इनकी कार को रुकवाया था और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से यह नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
पुलिस थाना परवाणू में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी पुलिस ने जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। इसके साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है और मामले में आगे की जांच जारी है।