सोलन: परवाणू क्षेत्र में स्पोर्ट्स क्लब मसूलखाना की ओर से कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्रीड़ा भारती कसौली मंडल के अध्यक्ष और समाजसेवी ओम आर्य ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए ओम आर्य ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के गांवों में खेल प्रतिभाओं की भरमार है। ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में इतनी क्षमता है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं, लेकिन इसके लिए प्रतिभा और अवसर के बीच की दूरी को कम करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि गांवों में आयोजित होने वाले ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कबड्डी के खेल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें केवल रेडर का अंक बनाना ही महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि एक मजबूत डिफेंस, सही समय पर लिया गया फैसला और टीम के लिए व्यक्तिगत प्रदर्शन तक दांव पर लगाने का जज्बा ही मुकाबले का रुख बदलता है। उन्होंने विशेष रूप से युवा खिलाड़ियों को सलाह दी कि वे अपनी फिटनेस, तकनीक और खेल की बारीकियों पर लगातार काम करें।
ओम आर्य ने कहा कि खेलों को केवल मनोरंजन या प्रतियोगिता के रूप में नहीं देखना चाहिए। खेल युवाओं को अनुशासन सिखाते हैं, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं और उनकी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने का अवसर देते हैं। इस सफल आयोजन के लिए स्पोर्ट्स क्लब मसूलखाना के समस्त आयोजकों व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।