पहाड़ी वर्णमाला के संरक्षण के लिए एक महीने की ऑनलाइन राष्ट्रीय कार्यशाला शुरू

Photo of author

By संजीव अवस्थी

सोलन: राजकीय महाविद्यालय, सोलन और हिम संस्कृति शोध संस्थान देहुरी, कुल्लू के संयुक्त तत्वावधान में पहाड़ी वर्णमाला टांकरी लिपि को सहेजने और बढ़ावा देने के लिए एक महीने की ऑनलाइन राष्ट्रीय कार्यशाला का शानदार आगाज हो गया है। 16 नवंबर को आयोजित उद्घाटन सत्र में सोलन कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. अंकुश भारद्वाज ने सत्र की अध्यक्षता की।

कार्यशाला के संयोजक और सोलन कॉलेज के इतिहास विभाग के सहायक आचार्य डॉ. शिव भारद्वाज ने सभी का स्वागत करते हुए बताया कि टांकरी लिपि हिमाचल की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत का एक बेहद अहम हिस्सा है। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य लोगों को टांकरी लिपि के अक्षरों, उसे लिखने के तरीके और उसके ऐतिहासिक महत्व से रूबरू कराना है।

20 वर्षों का शोध अनुभव किया साझा

केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय बल्हार के सहायक आचार्य डॉ. यज्ञदत्त शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। उन्होंने टांकरी लिपि के विकास और इतिहास पर प्रकाश डालते हुए इस लिपि पर अपने लगभग 20 वर्षों के शोध अनुभव को प्रतिभागियों के साथ साझा किया।

पांडुलिपियों में छिपा है पुराना ज्ञान: डॉ. शिवानी शर्मा

मुख्य अतिथि डॉ. शिवानी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि टांकरी लिपि का संरक्षण हमारी विरासत को सुरक्षित रखने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अतीत की कई पांडुलिपियां और ऐतिहासिक दस्तावेज इसी लिपि में लिखे गए हैं, लेकिन आज इसे पढ़ने और समझने वाले बहुत कम लोग बचे हैं। इस वजह से हमारा पुराना ज्ञान हमसे दूर होता जा रहा है।

इतिहास और पुरातत्त्व के सिलेबस में शामिल हो टांकरी लिपि

सत्राध्यक्ष डॉ. अंकुश भारद्वाज ने सुझाव दिया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत टांकरी लिपि को इतिहास और पुरातत्त्व के विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने पर विचार होना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी इस विरासत से जुड़ सके। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार द्वारा भी ऐसी प्राचीन लिपियों और भाषाओं के संरक्षण के लिए वित्तीय मदद दी जा रही है।

केरल से लेकर पंजाब तक के लोग ले रहे हिस्सा

इस एक महीने की कार्यशाला के लिए कुल 76 प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है, जिसमें कई विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर और विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय गुरुवायुर, केरल, संस्कृत विश्वविद्यालय मद्रास, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा, सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी और HPU शिमला के साथ-साथ प्रदेश के अलग-अलग सरकारी कॉलेजों राजगढ़, कुल्लू, नाहन, सुबाथू आदि के प्रतिभागी अपनी भागीदारी दे रहे हैं।

आने वाले एक महीने तक इस कार्यशाला में टांकरी लिपि के अक्षर ज्ञान और लेखन अभ्यास के लिए नियमित ऑनलाइन कक्षाएं लगाई जाएंगी।

Photo of author

संजीव अवस्थी

समाचार रिपोर्टिंग में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिमाचल प्रदेश के कुछ सबसे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्रों में व्यापक योगदान दिया है। पिछले कई वर्षों से, विभिन्न ऑनलाइन समाचार प्लेटफार्मों के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और बदलते डिजिटल मीडिया परिदृश्य के साथ तालमेल बिठाते रहे हैं।

error: Not Allowed