नाहन : सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के अंतर्गत आने वाली मुंगलवाला करतारपुर पंचायत के करतारपुर गांव से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। यहाँ एक 22 वर्षीय दिव्यांग युवक कुलदीप कुमार पिछले कई वर्षों से बुनियादी सरकारी सुविधाओं से महरूम रहने को मजबूर है। आधार कार्ड और केवाईसी न होने के कारण जहां एक तरफ उसकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन आज तक शुरू नहीं हो पाई है, वहीं दूसरी तरफ उसे मिलने वाला राशन भी बंद हो चुका है।
मिली जानकारी के अनुसार, सामाजिक कार्यकर्ता संजय कंवर को कुछ दिन पूर्व उनकी स्कूल की सहपाठी ममता का फोन आया था। ममता ने उन्हें करतारपुर गांव के रहने वाले 22 वर्षीय कुलदीप की इस दयनीय स्थिति से अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि कुलदीप बचपन से ही दिव्यांग है, लेकिन पहचान पत्र (आधार) न होने के कारण उसे न तो पेंशन मिल पा रही है और न ही राशन कार्ड पर खाद्यान्न प्राप्त हो रहा है।

सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता संजय कंवर ने तुरंत संज्ञान लिया और करतारपुर गांव पहुंचकर सीधे कुलदीप कुमार व उनकी माता नीलम से उनके घर पर मुलाकात की जब संजय कंवर कुलदीप के घर पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि 22 वर्षीय युवक एक चारपाई पर बैठा हुआ था। जन्मजात दिव्यांगता का सामना कर रहे कुलदीप की आँखों में कोई शिकायत या शिकवा नहीं था, बल्कि एक शांत और मासूम सी उम्मीद झलक रही थी कि शायद कोई फरिश्ता बनकर उसकी सुध लेगा।
कुलदीप की माता नीलम ने दर्द बयां करते हुए बताया कि उनका बेटा जन्म से ही दिव्यांग है। कागजी औपचारिकताओं और आधार कार्ड के आभाव में उनकी आज तक कोई पेंशन नहीं बन पाई है और घर का चूल्हा जलाने के लिए मिलने वाला राशन भी बंद हो चुका है। सबसे हैरानी की बात तो यह है कि कुलदीप का 80 प्रतिशत दिव्यांगता का मेडिकल सर्टिफिकेट कई साल पहले ही बन चुका है, इसके बावजूद आज तक किसी ने उसकी सुध लेने या पेंशन लगवाने की सुगबुगाहट तक नहीं की।
इस मामले को लेकर संजय कंवर ने फोन पर जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी से बातचीत की। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नई पेंशन योजना का लाभ देने के लिए आधार कार्ड होना अनिवार्य है। इसके बाद संजय कंवर ने पांवटा साहिब स्थित कार्यालय जाकर तहसील कल्याण अधिकारी सुमन शर्मा से भेंट की। इस दौरान अधिकारी ने आश्वासन दिया कि कुलदीप कुमार का आधार कार्ड बनवाने के लिए उच्च जिला अधिकारियों को पत्र लिख दिया गया है।
संजय कंवर ने कहा कि कुलदीप का जल्द से जल्द आधार कार्ड तैयार करवाने, रुकी हुई पेंशन बहाल करवाने और अन्य सभी सरकारी अधिकार दिलाने के लिए वे शीघ्र ही जिला सिरमौर के डीसी से मुलाकात करेंगे और इस गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे ताकि इस बेसहारा परिवार को न्याय मिल सके।
इस मानवीय त्रासदी के बीच मानवता की मिसाल भी देखने को मिली। पांवटा साहिब निवासी संजीव नागपाल अपने परिवार के साथ स्वयं कुलदीप के घर पहुँचे। उन्होंने अपनी तरफ से दिव्यांग युवक को राशन व अन्य जरूरी सामग्री के साथ-साथ नगद आर्थिक सहायता भी प्रदान की। इस नेक कार्य के लिए संजय कंवर ने संजीव नागपाल और उनके परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया है।