पांवटा साहिब: तेज रफ्तार कार की चपेट में आई साइकिल सवार महिला

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पांवटा साहिब के व्यस्त वाई-पॉइंट (Y-Point) पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार 50 वर्षीय महिला को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिरपुर निवासी राधा (50 वर्ष), पुत्री हरदयाल चौधरी शुक्रवार सुबह अपनी साइकिल से वाई-पॉइंट के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार (पंजीकरण संख्या HP 17 D 0240) ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला को टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन पर से पूरी तरह नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे बनी एक दुकान के शटर से एक के बाद एक दो बार जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय निवासियों की मुस्तैदी से गंभीर रूप से घायल राधा को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी अत्यंत नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र देहरादून रेफर कर दिया था।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना में महिला घायल है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जाँच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।