नाहन : औद्योगिक नगरी पांवटा साहिब में एक बार फिर नशे के काले कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। यहाँ एक किराये के कमरे की आड़ में चल रहे अफीम तस्करी के खेल को जिला सिरमौर की विशेष जांच इकाई (SIU) नाहन ने बेनकाब कर दिया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 174 ग्राम अफीम बरामद करने में सफलता हासिल की है।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए बद्रीपुर क्षेत्र की एक गली में किराये का कमरा लिया हुआ था। पकड़ा गया आरोपी मोहन लाल गादरी (45) मूल रूप से भीलवाड़ा, राजस्थान का रहने वाला है। वह वर्तमान में राजबन रोड पर मेहताब गली में जसविंदर सिंह के मकान में किरायेदार के तौर पर रह रहा था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या वह राजस्थान से ही खेप लाकर यहाँ सप्लाई करता था।

शनिवार (2 मई) को SIU नाहन की टीम को पक्की सूचना मिली थी कि राजबन रोड के पास एक व्यक्ति नशे की खेप के साथ मौजूद है। टीम ने बिना वक्त गंवाए बताए गए पते पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 174 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पांवटा साहिब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन अब आरोपी के ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज’ खंगालने में जुटा है। जांच इस बिंदु पर भी केंद्रित है कि पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में उसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और वह यह नशा किसे बेचने वाला था।