पांवटा साहिब में प्रो. संतोष कुमार की 94वीं जयंती पर स्मारिका का विमोचन

Photo of author

By Hills Post

पांवटा साहिब: सरस संस्था के संस्थापक स्वर्गीय प्रोफेसर संतोष कुमार की 94वीं जयंती के पावन अवसर पर पांवटा साहिब स्थित वीआईपी रिसोर्ट में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उनकी पुण्य स्मृति में संकलित एवं तैयार की गई विशेष स्मारिका ‘संघर्ष से शिखर तक’ का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के युवा नेता अवनीत सिंह लाम्बा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर स्मारिका का अनावरण किया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन सिंह और पंवार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के निदेशक डॉ. बीएस पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहे।

समारोह में पांवटा साहिब सहित विभिन्न जिलों से आए अनेक गणमान्य लोगों, समाजसेवियों और प्रो. संतोष कुमार के शिष्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर वक्ताओं और उनके पूर्व छात्रों ने कॉलेज के दिनों की खट्टी-मीठी यादें साझा कीं तथा प्रो. कुमार के अनुकरणीय व्यक्तित्व, प्रभावी शिक्षण शैली, सामाजिक सरोकारों और समाज के प्रति निष्ठा को याद किया। स्मारिका के विमोचन उपरांत मुख्य अतिथि अवनीत सिंह लाम्बा ने कहा कि समाज को वरिष्ठ व अनुभवी लोगों के जीवन संघर्षों से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने प्रो. संतोष कुमार द्वारा पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए स्मारिका के संपादक राजेश कुमार को इस सार्थक प्रयास के लिए बधाई दी। साथ ही, उन्होंने सरस संस्था के ‘रेडियो प्रोजेक्ट’ और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों के संचालन में निरंतर सहयोग देने का विश्वास दिलाया।

उल्लेखनीय है कि स्मारिका के संपादक राजेश कुमार का स्वर्गीय प्रोफेसर संतोष कुमार के साथ लंबा और घनिष्ठ जुड़ाव रहा है। उन्होंने प्रो. कुमार के जीवन के अंतिम क्षणों तक उनका साथ निभाया और आज भी उनके सामाजिक सरोकारों व अधूरे सपनों को पूरा करने में जुटे हुए हैं। ‘संघर्ष से शिखर तक’ स्मारिका के माध्यम से प्रो. कुमार के प्रेरक जीवन, संघर्षों और उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का उत्कृष्ट प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के पुनर्गठन और भावी योजनाओं पर चर्चा करते हुए नए अध्यक्ष के नाम की भी घोषणा की गई। सरस संस्था की कमान अब यशपाल कपूर को सौंपी गई है, जो पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह गतवाल के स्थान पर यह कार्यभार संभालेंगे। निवर्तमान अध्यक्ष कुलदीप सिंह गतवाल के मार्गदर्शन में संस्था ने कई सामाजिक व जागरूकता अभियानों को सफलता पूर्वक संचालित किया था। यह पूरा आयोजन स्व. प्रो. संतोष कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ उनकी समाजसेवा की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बना।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।