नाहन : पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत गश्त के दौरान पुलिस ने दड़ा-सट्टा लगा रहे एक व्यक्ति को काबू किया है। आरोपी के कब्जे से दड़ा-सट्टा पर्चियां और नकद राशि बरामद कर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल पुलिस थाना शिलाई की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नाया चौक से तोमर पेट्रोल पंप की ओर शिलाई न्यायालय के नजदीक एक व्यक्ति राहगीरों को एक रुपये के बदले 80 रुपये देने का लालच देकर अवैध रूप से दड़ा-सट्टा लगा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उक्त व्यक्ति को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान दलीप तोमर पुत्र अमर सिंह, निवासी गांव डियान्डो, डाकघर कांडो भटनोल, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में बताई। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दड़ा-सट्टा पर्ची, एक नीले रंग का पेन तथा कुल 950 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद की गई सामग्री और नकदी को अपने कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना शिलाई में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी छानबीन जारी है।