नाहन : पांवटा साहिब-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर यमुना पुल के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। सड़क पर चल रहे 32 वर्षीय युवक को पीछे से आ रही एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक सवार को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव मिर्जापुर का रहने वाला 32 वर्षीय शिव कुमार पुत्र पूरन चंद शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे यमुना पुल के समीप हाईवे पार कर रहा था। उसी दौरान पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार मोटरसाइकिल उससे जा टकराई। अचानक हुए इस हादसे में शिव कुमार को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे का एक दर्दनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना की पूरी तस्वीर साफ दिखाई दे रही है। फुटेज में देखा जा सकता है कि जब युवक सड़क पार कर रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी जान चली गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बना लिया है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लिया और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बाइक चालक की पहचान सलीम मोहम्मद पुत्र बहादुर खान, निवासी राजपुरा, जिला पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए सिरमौर के एसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने मृतक शिव कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए अस्पताल भिजवा दिया है, वहीं हादसे की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के सही कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।