पांवटा साहिब: सिरमौर जिला के पांवटा साहिब और पुरुवाला स्थित क्षेत्रीय तिब्बती युवा कांग्रेस तथा क्षेत्रीय तिब्बती महिला संघ के संयुक्त तत्त्वावधान में मंगलवार शाम एक शांतिपूर्ण कैंडललाइट मार्च का आयोजन किया गया। यह मार्च संयुक्त राष्ट्र (UN) मुख्यालय न्यूयॉर्क के सामने तिब्बत की आजादी के लिए आत्मदाह करने वाले शहीद लोबगा रंगज़ेन को श्रद्धांजलि देने और तिब्बती समुदाय के संघर्ष के प्रति एकजुटता प्रकट करने के उद्देश्य से निकाला गया।

उल्लेखनीय है कि लोबगा रंगज़ेन ने 2 जुलाई 2026 को न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के समक्ष आत्मदाह किया था। उनके इस कदम का मुख्य उद्देश्य तिब्बत में मानवाधिकारों के हनन और तिब्बती लोगों के समक्ष आ रही चुनौतियों की ओर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान आकर्षित करना था।
यह शांतिपूर्ण कैंडललाइट मार्च शाम को भुप्पुर (राष्ट्रीय राजमार्ग-72) से प्रारंभ हुआ। इसके बाद मार्च बद्रीपुर और पांवटा साहिब के मुख्य बाजार से होते हुए उपमंडलाधिकारी कार्यालय, पांवटा साहिब पहुँचकर संपन्न हुआ। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शांति, न्याय और मानवाधिकारों के मूल्यों को बनाए रखना है। साथ ही, शहीद लोबगा रंगज़ेन सहित उन सभी 170 तिब्बती शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करना है, जिन्होंने तिब्बत की स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा के लिए अब तक आत्मदाह किया है।
इस मोमबत्ती मार्च में तिब्बती समुदाय के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय तिब्बती युवा कांग्रेस पांवटा साहिब के अध्यक्ष नवांग पेलजोर, क्षेत्रीय तिब्बती युवा कांग्रेस पुरुवाला के अध्यक्ष छेरिंग तेनपा, क्षेत्रीय तिब्बती महिला संघ पांवटा साहिब की अध्यक्ष दावा डोलमा तथा क्षेत्रीय तिब्बती महिला संघ पुरुवाला की अध्यक्ष टाशी वांगमो विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मार्च के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में मोमबत्तियाँ लेकर तिब्बत की आजादी और शांतिपूर्ण संघर्ष के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।