पांवटा साहिब में स्कूल के पास बाइक सवार युवक से मारपीट व जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पांवटा साहिब उपमंडल के अंतर्गत पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र के मेहरुवाला गांव में एक बाइक सवार युवक का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने नामजद मुख्य आरोपी और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद नसीब पुत्र नसीम अहमद, निवासी गांव मेहरुवाला डाकघर भंगानी, तहसील पांवटा साहिब ने पुलिस थाना पुरुवाला में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि बुधवार, 18 नवंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से जा रहा था। जब वह मेहरुवाला स्कूल के समीप पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद आजम नामक युवक और उसके 2-3 अन्य साथियों ने अचानक उसका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि रास्ता रोकने के बाद आरोपियों ने मोहम्मद नसीब के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उसके साथ मारपीट की। यही नहीं, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकियां भी दीं। घटना के बाद पीड़ित ने गुरुवार, 19 नवंबर को पुलिस थाना पुरुवाला पहुंचकर मामले की शिकायत दी और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी आजम और उसके 2-3 अन्य साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed