सोलन: उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि प्रत्येक छात्र तक गुणवत्तायुक्त शिक्षा पहुँचाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वे आज सोलन विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर स्थित पाईनग्रूव स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह-2026 को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
समारोह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पाने के लिए पूरे समर्पण के साथ कार्य करें।

प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि सरकार हर छात्र को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए सकारात्मक और ठोस कदम उठा रही है। जहाँ एक ओर पहली कक्षा से ही बच्चों को आधुनिक शिक्षा प्रदान करने की योजना तैयार की गई है, वहीं आईटीआई (ITI) स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक के पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार का यह दूरदर्शी निर्णय छात्रों को इस प्रतिस्पर्धात्मक युग में आगे बढ़ाने में बेहद सहायक सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इस अनूठी योजना के तहत बेसहारा व निराश्रित बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट (राज्य के बच्चे) का दर्जा दिया गया है और सरकार उनकी पूरी देखभाल कर रही है। इस योजना के अंतर्गत बच्चों को प्रति माह 3,000 रुपये जेब खर्च के साथ-साथ उच्च शिक्षा, कोचिंग, आवास, भूमि, विवाह और स्टार्टअप के लिए वित्तीय अनुदान भी प्रदान किया जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि इस योजना के तहत सोलन ज़िला में अभी तक लगभग 204 लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा के रूप में कुल 6,89,451 रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है।
आज के इस डिजिटल और सोशल मीडिया के युग में किताबों की अहमियत पर जोर देते हुए श्रम एवं रोज़गार मंत्री ने छात्रों को अनोखी सीख दी। उन्होंने कहा कि तकनीक से जुड़े रहना आज के समय में आवश्यक है, परंतु किताबों से प्राप्त किया गया ज्ञान सदैव हमारे साथ रहता है और हमें पूर्ण जानकारी देता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे मोबाइल और स्क्रीन से दूरी बनाकर किताबें, अखबार पढ़ने और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ें।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस गरिमामयी अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक परवाणू अनिल शर्मा, ज़िला खनन अधिकारी दिनेश कुमार, नायब तहसीलदार डी.पी. शर्मा, आईपीएसवी (IPSV) ट्रस्ट के निदेशक प्रमोद शर्मा, ज्ञान भारती स्कूल दिल्ली की निदेशक लता विद्यानाथन, पाईनग्रूव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन ए.जे. सिंह, पाईनग्रूव स्कूल शासक मण्डल के सदस्य जोगिन्द्र बाजवा, पाईनग्रूव स्कूल धर्मपुर के हेड संजय चौहान, और पाईनग्रूव स्कूल सुबाथू की हेड कैप्टन रेनु शर्मा सहित भारी संख्या में अध्यापक, अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।