सोलन : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 39.90 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) की भारी खेप के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दावत चौक बद्दी के समीप स्थित एक किराये के कमरे पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे के भीतर से 39.90 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान मोनू कुमार शर्मा (पुत्र राम लखन शर्मा, निवासी गांव गौन पट्टी, डाकघर दंडुपुर मुफरीद, तहसील रानीगंज, जिला प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी बद्दी के दावत चौक के पास किराए का कमरा लेकर रह रहा था और यहीं से नशे के इस काले कारोबार को अंजाम दे रहा था।
इस संबंध में पुलिस थाना बद्दी में आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहाँ से उसका रिमांड हासिल कर यह पता लगाया जाएगा कि वह यह खेप कहाँ से लाया था और बद्दी में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।