शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मनाली मैराथन के चौथे संस्करण के लिए टी-शर्ट का अनावरण किया है। कुल्लू जिले के मनाली में यह मैराथन 30 अक्तूबर से 1 नवंबर 2026 तक ‘मनाली मैराथन एवं हिमालयन एक्सट्रीम स्पोर्ट्स एसोसिएशन’ द्वारा आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने मुख्यमंत्री को इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया है।

इस बार मैराथन की थीम ‘ग्रीन वॉरियर्सः यूथ इनिशेटिव फॉर ए ड्रग फ्री, फिट एण्ड क्लीन हिमाचल’ रखी गई है। प्रतियोगिता में 100 किलोमीटर रोहतांग पास अल्ट्रा चैलेंज, 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन और 10 व 5 किलोमीटर की मास रन श्रेणियां शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य में साहसिक खेलों और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है।
टी-शर्ट अनावरण के इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक हरीश जनारथा, महाधिवक्ता अनूप रत्न तथा आयोजन समिति के कई पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।