राजगढ़ में राज्य स्तरीय अंडर-14 छात्र खेल प्रतियोगिता संपन्न, शिक्षा मंत्री ने बांटे पुरस्कार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शिक्षा मंत्री हि.प्र. रोहित ठाकुर ने कहा कि खेल-कूद प्रतियोगिताएं युवाओं को प्रतिस्पर्धात्मक बनाने में तथा नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। शिक्षा मंत्री आज यंहा जिला सिरमौर के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-14 छात्र खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे l इससे पूर्व उन्होंने पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ में 10 लाख रूपए की लागत से नव निर्मित खाद्य प्रसंस्करण प्रयोगशाला का लोकार्पण केिया।

रोहित ठाकुर ने कहा कि एक विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं l उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थी के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक तौर पर भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ उनके शारीरिक विकास व खान-पान पर भी खास ध्यान दे रही है ताकि आज के इस बदलते परिवेश में उनके स्वास्थ्य व शिक्षा का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों की डाइट मनी 130 रुपए से बढ़ाकर ₹250 की गई हैl प्रदेश सरकार द्वारा गत 4 वर्षों में 4 नए स्पोर्ट्स हॉस्टल शिलाई, चौपाल, घुमारवी तथा मंडी में खोले गए हैं l इस तरह प्रदेश में अब 12 स्पोर्ट्स हॉस्टल हो जाएंगे l

शिक्षा मंत्री ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के युवा वर्ग आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे हैं और लगभग हर खेल में हिमाचल के युवाओं की प्रतिभागिता सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश के युवा खिलाड़ियों द्वारा
गत वर्षो में राष्ट्रीय स्तर पर 48 अवार्ड प्राप्त किए हैं जो कि प्रदेश के लिए गर्व की बात है l उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के लिए जमीनी स्तर पर कदम उठाए गए हैं और हिमाचल के युवा को खेल से जोड़कर एक स्वस्थ समाज व सशक्त राष्ट्र की ओर अग्रसर किया जा रहा है l युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करने के लिए गत 4 वर्षों में स्पोर्ट्स कोटे से लगभग 300 खिलाड़ियों की नियुक्ति की गई हैl इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार द्वारा 17 करोड रुपए की अवार्ड की राशि वितरित की गई l

रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण संसाधन, नवीन शिक्षण पद्धतियां और तकनीक आधारित शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। इस पहल के माध्यम से शिक्षकों को निरंतर सीखने, अपने शिक्षण कौशल को बेहतर बनाने तथा कक्षा में प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के अवसर मिलेंगे। इससे विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में सुधार लाने में भी मदद मिलेगी।

मुख्य अतिथि द्वारा विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए तथा तथा स्थानीय मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का आश्वासन दिया l

स्कूल के प्रधानाचार्य प्रेमचंद चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए जानकारी दी कि तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में 12 जिलों व एक बॉयज हॉस्टल चौपाल से लगभग 480 प्रतिभागियों ने चार खेलकूद प्रतियोगिताएं कबड्डी, खो- खो, वॉलीबॉल तथा टेबल टेनिस के लिए अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया l इस प्रतियोगिता में कबड्डी में सोलन , वॉलीबॉल में शिमला, टेबल टेनिस में कांगड़ा तथा खो- खो, में मंडी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया

कार्यक्रम के दौरान उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर राजीव ठाकुर ने जिला सिरमौर की शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की l

इस अवसर पर पुूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मसाफिर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव दयाल प्यारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, खंड कांग्रेस समिति अध्यक्ष सुनील शर्मा, नगर पंचायत राजगढ़ के अध्यक्ष विक्रम ठाकुर , उप मंडल अधिकारी राजगढ़ राजकुमार ठाकुर, शिक्षा विभाग में खेल सहायक निदेशक अजय पांटा, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी शिक्षक वर्ग तथा कई गणमान्य लोग उपस्थित थे l

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।