नाहन : सिरमौर जिले के पुलिस थाना राजगढ़ के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी शिलाबाग क्षेत्र में सोमवार को एक 60 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान भगत राम (60), पुत्र स्वर्गीय दीना नाथ, निवासी गांव ननू, डाकघर बलग, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगत राम का शव कुथल गांव स्थित जनोल घासनी में पड़ा हुआ मिला। स्थानीय लोगों द्वारा मामले की सूचना दिए जाने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गए होंगे और इसी हादसे में उनकी मौत हुई है। हालांकि, मौत की असली वजह क्या थी, इसका सटीक पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) राजगढ़ भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डीएसपी राजगढ़ वी.सी. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पहाड़ी क्षेत्र में गिरने से हुई मौत का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल पाएगा।