रेणुका जी में रास्ते को लेकर दो पक्षों में मारपीट और गाली-गलौच, क्रॉस-केस दर्ज

नाहन : पुलिस थाना रेणुका जी के अंतर्गत एक गांव में पुश्तैनी आम रास्ते को लेकर दो पड़ोसियों के बीच उपजा विवाद गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकियों तक पहुँच गया है। इस खूनी संघर्ष की आशंका को देखते हुए दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस-केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले के पहले पक्ष में प्रोमिला देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उनका आरोप है कि उनके पड़ोसी हेमंत कुमार पुत्र दलीप सिंह ने उनके घर के बरामदे में आकर अचानक उन पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी ने उनकी बाजू मरोड़ी और उनके छोटे बेटे मनीष सहित पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हेमंत कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं, दूसरी तरफ मामले के दूसरे पक्ष से हेमंत कुमार पुत्र दलीप सिंह ने भी पुलिस में क्रॉस-शिकायत दर्ज कराई है। हेमंत का आरोप है कि गांव के पुश्तैनी आम रास्ते (गोहर) को विपक्षी सुरेंद्र कुमार पुत्र रामदयाल अपनी निजी जमीन बताकर जेसीबी (JCB) मशीन से खुदवा रहा है और रास्ता बाधित कर रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब वह उक्त रास्ते से गुजर रहा था, तो सुरेंद्र कुमार के भाई पूरण सिंह और राजेंद्र सिंह ने उसका रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर दोनों भाइयों ने उसके साथ जमकर गाली-गलौच की और दोबारा उस रास्ते से निकलने पर हाथ-पैर तोड़ने व जान से मारने की धमकी दी।

रेणुका जी पुलिस ने दोनों पक्षों की दलीलें और शिकायतें सुनने के बाद कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (अभियोग) पंजीकृत कर ली है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों ही मामलों में गहनता से आगामी अन्वेषण (जांच) अमल में लाई जा रही है, ताकि धरातल पर विवाद की असली वजह साफ हो सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।