शिमला में ओवरटेक पर हरियाणा के युवकों ने रुकवाई HRTC की वॉल्वो बस, ड्राइवर को पीटा

Photo of author

By Hills Post

शिमला: राजधानी शिमला के प्रवेश द्वार कच्चीघाटी में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से शिमला आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक वॉल्वो बस को बीच रास्ते में रुकवाकर मारपीट की गई। आरोप है कि एक स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक करने से गुस्साए हरियाणा के युवकों ने बस चालक के साथ हाथापाई की। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों आरोपियों को मौके से ही दबोच लिया है।

जानकारी के मुताबिक, HRTC की वॉल्वो बस दिल्ली से सवारियां लेकर शिमला की तरफ आ रही थी। सफर के दौरान बस चालक ने हरियाणा (HR) नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक किया। यह बात स्कॉर्पियो में सवार युवकों को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने बालूगंज थाना के तहत आने वाले कच्चीघाटी क्षेत्र में बस के आगे अपनी गाड़ी अड़ाकर उसे रुकवा लिया।

बस में बैठे यात्रियों को पहले लगा कि शायद कोई तकनीकी खराबी या ट्रैफिक जाम की वजह से गाड़ी रुकी है, लेकिन देखते ही देखते स्कॉर्पियो सवार युवक बस चालक से उलझ गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच सड़क पर हुए इस हंगामे के चलते मौके पर तनाव का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोच लिया है । पकड़े गए आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय पंकज पुत्र शिव कुमार और 22 वर्षीय विकास कुमार पुत्र विलक्षण, प्रतिभा निवासी गांव अभयपुर पंचकुला, हरियाणा, विक्की कुमार निवास गांव अभयपुर पंचकुला, हरियाणा के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी पंचकूला, हरियाणा के रहने वाले हैं।

पुलिस ने चारों हुड़दंगियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि इस वारदात में क्या कुछ और लोग भी शामिल थे।

मामले की पुष्टि करते हुए एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि जनता की सेवा में लगे सरकारी कर्मचारियों के साथ हिंसक व्यवहार और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस बेहद कड़ा एक्शन लेगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।