शिमला रिज मैदान पर प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप का समापन, CM ने वीरभद्र सिंह को दी श्रद्धांजलि

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप का मंगलवार देर शाम रंगारंग समापन हो गया। इस समापन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि इस खास मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में किया गया है। उन्होंने वीरभद्र सिंह को कांग्रेस पार्टी का एक कद्दावर नेता बताते हुए कहा कि हिमाचल के विकास में उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।

स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की बड़ी प्रतियोगिताएं हमारे नवोदित खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने खेल के महत्व पर बात करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करते हैं। राज्य में होने वाले ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच का अनुभव मिलता है, जिससे उनका खेल कौशल और निखरता है।

पांच देशों के मुक्केबाजों ने दिखाया दमखम

इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भारत सहित पांच देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में श्रीलंका, भारत, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड के अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाजों ने रिंग में उतरकर अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस गरिमामयी समापन समारोह के दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक हरीश जनारथा और हरदीप बावा विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ ही हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल सहित खेल जगत और प्रशासन के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।