नाहन : जिला सिरमौर के बाल विकास परियोजना अधिकारी शिलाई ने आंगनबाड़ी सह प्री-स्कूल केंद्रों में रिक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं के छह पदों को भरने के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक विवाहित एवं अविवाहित महिलाएं 24 अक्तूबर 2026 शाम 5 बजे तक किसी भी कार्य दिवस को बाल विकास परियोजना अधिकारी शिलाई के कार्यालय में आवेदन जमा करवा सकती हैं।
रिक्त पद पोहटा मानल पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र मुन्नई बेलाड़ी, भंगाटा व जुईनल, बकरास पंचायत के बम्बराड़, बेला पंचायत के बशवा तथा कांडो भटनोल पंचायत के भटनोल केंद्र में भरे जाएंगे। आवेदन करने वाली महिला संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडर एरिया की सामान्य निवासी होनी चाहिए। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच तथा शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 12वीं पास होना अनिवार्य है। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और आय प्रमाण-पत्र तहसीलदार, नायब तहसीलदार या कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी होना चाहिए।

बाल विकास परियोजना अधिकारी के अनुसार इन पदों के लिए साक्षात्कार 3 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे उपमंडलाधिकारी (ना.) शिलाई के कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। चयन शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, निर्धारित श्रेणियों और अन्य पात्रताओं के आधार पर अधिकतम 25 अंकों की चयन प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, फीडर एरिया का निवास प्रमाण-पत्र तथा लागू होने पर अनुसूचित जाति/जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगता, अनुभव एवं अन्य संबंधित प्रमाण-पत्रों की सत्यापित प्रतियां संलग्न करनी होंगी। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक महिला उम्मीदवार बाल विकास परियोजना अधिकारी शिलाई के कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।