शिलाई रेस्ट हाउस के पास युवक पर बेलन से हमला, सिर पर आई चोट; मामला दर्ज

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना शिलाई के तहत रेस्ट हाउस के समीप एक युवक पर हमले का मामला सामने आया है। अदालत द्वारा जारी स्थगन आदेश से जुड़े एक स्थान पर जाने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक पर कथित तौर पर बैलन से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में चोट आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले कल पुलिस थाना शिलाई में तहसील शिलाई के गांव व डाकघर शिलाई निवासी रोहित ठाकुर पुत्र दलीप नेगी ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह उस स्थान पर गया था जहाँ माननीय न्यायालय द्वारा संजय नेगी के विरुद्ध स्थगन आदेश जारी किया गया है।

इसके बाद दोपहर के समय जब रोहित रेस्ट हाउस के समीप संजय नेगी के भाई से बातचीत कर रहा था, उसी दौरान संजय नेगी वहां पहुंचा। आरोप है कि संजय नेगी ने पीछे से आकर रोहित का रास्ता रोक लिया और बेलन से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे रोहित के सिर में चोट लग गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमले के बाद आरोपी ने रोहित के साथ गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता रोहित ठाकुर की तहरीर के आधार पर पुलिस थाना शिलाई में आरोपी संजय नेगी के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण करवाया है और मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।