शिलाई: व्यक्ति पर दराट से हमला, हाथ कटा; 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उपमंडल शिलाई के सुनियाडी गांव में कपड़े उठाने खेत में गए एक व्यक्ति पर गांव के ही तीन लोगों द्वारा गाली-गलौज करने और दराट से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले के दौरान बीच-बचाव करते समय पीड़ित का हाथ कट गया और वह घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना शिलाई में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनियाडी (डाकघर पनोग, तहसील शिलाई) निवासी अनिल कुमार पुत्र स्वर्गीय शोभा राम ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में अनिल कुमार ने बताया कि बीते 18 सितंबर की सुबह जब वह सोकर उठा और अपने घर के बरामदे में आया, तो उसने देखा कि रेलिंग पर सूखने के लिए डाले गए कपड़े हवा से उड़कर नीचे खेत में गिर गए थे।

पीड़ित के अनुसार जब वह अपने कपड़े लेने खेत में गया, तो उसी दौरान गांव के ही रहने वाले दिलीया राम, बलिया राम और बलबीर (निवासी सुनियाडी-किणु) वहां पहुंचे और बिना किसी कारण उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते आरोपियों ने अनिल कुमार पर दराट से हमला कर दिया। इस हमले से खुद का बचाव करते समय दराट अनिल कुमार के हाथ पर लग गया, जिससे उसका हाथ कट गया।

घटना के बाद पीड़ित ने शिलाई थाना पहुंचकर पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई। शिलाई पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।