शूलिनी यूनिवर्सिटी में डिजिटल संसाधनों पर दो दिवसीय लाइब्रेरी ओरिएंटेशन संपन्न

Photo of author

By Hills Post

सोलन: शूलिनी यूनिवर्सिटी के योगानंद नॉलेज सेंटर (YKC) द्वारा नव-प्रवेशित एवं मौजूदा विद्यार्थियों को डिजिटल व ई-संसाधनों से परिचित कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय लाइब्रेरी ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों और स्कूलों के लगभग 1,200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

ओरिएंटेशन सत्रों के दौरान छात्रों को MyLOFT, Clarivate-ProQuest, JSTOR, LexisNexis और Perlego जैसे विश्वस्तरीय शोध एवं शैक्षणिक डेटाबेस के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी गई। मिस्टर वैभव ने MyLOFT प्लेटफॉर्म का लाइव डेमो देते हुए बताया कि छात्र किस प्रकार परिसर से बाहर रहते हुए भी एक ही इंटरफेस के माध्यम से विश्वविद्यालय द्वारा सब्सक्राइब किए गए ई-संसाधनों, ई-बुक्स और जर्नल्स को कभी भी व कहीं से भी आसानी से एक्सेस कर सकते हैं।

वहीं Clarivate-ProQuest के मिस्टर अरुण ने छात्रों को शोध डेटाबेस और लगभग 2.5 लाख ई-बुक्स के संग्रह के उपयोग की तकनीक समझाई। इसके अतिरिक्त छात्रों को Perlego (15 लाख से अधिक ई-बुक्स) सहित थीसिस, पत्र-पत्रिकाओं और शोध पत्रों के विस्तृत संग्रह से भी अवगत कराया गया।

योगानंद नॉलेज सेंटर के डायरेक्टर टीपीएस गिल ने अकादमिक अध्ययन और स्वतंत्र शोध में डिजिटल लाइब्रेरी की महत्ता को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों से इन संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। लाइब्रेरियन डॉ. पूजा ठाकुर ने कहा कि ऐसे ओरिएंटेशन कार्यक्रम छात्रों की शोध दक्षता बढ़ाने और उन्हें अध्ययन सामग्री तक त्वरित पहुंच प्रदान करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नीलम ठाकुर, राकेश शर्मा, नेहा ठाकुर, पूजा राठौर, अर्चना, कमलेश और निखिलेश सहित YKC की पूरी टीम का सक्रिय योगदान रहा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।