श्री रेणुका जी मेला के बहुभाषी कवि सम्मेलन में खूब जमी महफिल

Photo of author

By Hills Post

श्री रेणुका जी: अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के दौरान आयोजित बहुभाषी कवि सम्मेलन में साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिला। इस सम्मेलन में जिला सिरमौर के करीब दो दर्जन कवियों ने हिस्सा लिया और हिंदी के साथ-साथ स्थानीय पहाड़ी बोली में अपनी रचनाएं पेश कर श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि दीपचंद कौशल ने की, जबकि मंच का संचालन वरिष्ठ कवि डॉ. ईश्वर दास राही ने किया।

बचपन की यादों से लेकर सामाजिक कटाक्ष तक

सम्मेलन में कवियों ने जीवन के विविध पहलुओं और बदलते समाज पर गहरी चोट की। डॉ. आई.जी. राही ने अपनी कविता “मैं छोटा था, एक घर में रहता था, कच्चा पक्का नहीं, मगर अपना था” के जरिए पुरानी यादों को ताजा किया। वहीं, शून्य विनोद ने आज के दौर पर तंज कसते हुए सुनाया, “रोज बदलती दुनिया में, समय सब पर भारी होता है। कैरेक्टर सर्टिफिकेट माँ-बाप का अब, बच्चों से जारी होता है।” अनंत आलोक ने आधुनिक पहनावे पर व्यंग्य करते हुए कहा, “कटे-फटे कपड़े बने, खानदान पहचान। आगे पीछे जीन्स में, कितने रोशनदान।”

बेटियों का सम्मान, नारी संवेदना और स्वच्छता का संदेश

मंच से समाज को जागरूक करने वाली कई सशक्त रचनाएं भी पढ़ी गईं। डॉ. बी.एन. शर्मा ‘पंकज’ ने बेटियों के महत्व को रेखांकित करते हुए “माँ-बाप का उद्धार है बेटी, हर घर का सुधार है बेटी” सुनाया। अर्चना शर्मा ने नारी मन की संवेदना को “कर उम्मीदें सभी दायरे में कभी, आदमी जात हूँ कोई देवी नहीं” के रूप में व्यक्त किया। मीनाक्षी वर्मा ने “अब तो तुम्हारा घर आना ही खुद अपने आप में एक उत्सव है, पर्व है बच्चों” से भावुक माहौल बना दिया। ददाहू से आए योगेन्द्र अग्रवाल ‘योगी’ ने स्वच्छता और नागरिक कर्तव्यों पर जोर देते हुए सुनाया, “घर के आंगन में फूल सजाते हो, सड़कों पर कूड़ा क्यों फैलाते हो। देश केवल नेताओं और सरकार से नहीं बनता, नागरिकों के कर्तव्यों के बिना राष्ट्र नहीं संवरता।”

पहाड़ी बोली और आध्यात्मिक रंग में डूबी शाम

बहुभाषी सम्मेलन में स्थानीय बोली और लोक संस्कृति की मिठास भी घुली रही। प्रेमपाल आर्य ने “संगी साथी भी मिले, मिले आपणे-बेगाने। आपणी मरियादा आपुणे माच्छो, आदमी जीओ आपणी शाने” सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। सुरेंद्र कुमार सूर्य ने सोशल मीडिया के दौर पर पहाड़ी में रचना पेश की, जबकि सुनीता देवी ने “धारों गोंड़ो राबास, फिकरी देवी री धरती गनोग भौंज रा इतिहास” से स्थानीय विरासत को जीवंत किया।

आध्यात्मिक और गंभीर विषयों पर भी कवियों ने श्रोताओं को बांधे रखा। संजय भारद्वाज ने “रोको रे रोको मेरे राम जा रहे हैं” और डॉ. प्रमोद पारीक ने ‘परशुराम का अन्तर्द्वन्द्व’ प्रस्तुत किया। ददाहू के दीपक जोशी ने अपनी पंक्तियों “भगवान परशुराम एक बार धरा पर फिर आ जाओ, अदालत की काली छाया से रेणुका के अस्तित्व को बचाओ” से स्थानीय चिंता को स्वर दिया। इसके अलावा डॉ. श्रीकांत अकेला ने “जिंदगी का सफर खुशनुमा चाहिए, ये जमीं ही नहीं आसमां चाहिए”, दीपराज विश्वास ने “हाले-दिल हमने सुनाया तो रो पड़ोगे तुम, गर कोई जख्म दिखाया तो रो पड़ोगे तुम”, आशाराम शर्मा ‘आना’ ने “कभी छत में बुलाए, कभी चाँद दिखाए, मुझे करती इशारे घड़ी-घड़ी” और दिव्या चौहान ने “हैरान दृश्य मैं देख कर, एक मुर्दा लेटा है लकड़ी की सेज पर” सुनाकर समां बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में रेणुका विकास बोर्ड ने इस सफल आयोजन के लिए सभी कवियों का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed