संगड़ाह के मंडोली स्कूल का औचक निरीक्षण: पढ़ाई संतोषजनक, रिकॉर्ड में सुधार के निर्देश

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : आज शिक्षा खंड संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले राजकीय माध्यमिक पाठशाला मंडोली का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, रिकॉर्ड रखरखाव, बुनियादी सुविधाओं और छात्र सुरक्षा का जायजा लिया गया। स्कूल के निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक स्तर और सामान्य ज्ञान संतोषजनक पाए गए, तथा तैनात तीनों अध्यापक समय पर उपस्थित मिले। इसके अलावा, पीएम पोषण योजना के तहत संचालित रसोईघर और शौचालयों में पानी व साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहतर पाई गई।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के विभिन्न प्रशासनिक रिकॉर्ड्स की जांच की गई, जिसमें रोड सेफ्टी क्लब, इको क्लब, सेक्सुअल हैरेसमेंट कमेटी की बैठकें, विभिन्न दिवसों के आयोजन और एसएमसी मीटिंग का रिकॉर्ड शामिल रहा। जांच में सामने आया कि गतिविधियां तो नियमित रूप से आयोजित हो रही हैं, लेकिन उनके दस्तावेजों के रखरखाव में सुधार की आवश्यकता है। इस पर निर्देश दिए गए कि भविष्य में हर गतिविधि के रिकॉर्ड में उस गतिविधि में भाग लेने वाले बच्चों की उपस्थिति और विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।

विद्यालय भवन और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा निरीक्षण का एक अहम हिस्सा रहा। स्कूल के नजदीक चल रही माइनिंग और भारी वाहनों की आवाजाही के मद्देनजर जिलाधीश महोदय द्वारा गठित कमेटी के तहत स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान डीएसपी संगड़ाह और आरटीओ सिरमौर भी उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी में यह पाया गया कि स्कूल की ओर गुजरने वाली कच्ची सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए स्कूल परिसर के पास सड़क पर रिटेनिंग वॉल के निर्माण, कच्ची सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने और क्रश बैरियर्स लगाने की आवश्यकता महसूस की गई। इस संबंध में मौके पर ही समग्र शिक्षा अभियान के कनिष्ठ अभियंता को निर्देशित किया गया कि वे तीन दिन के भीतर स्थल का दौरा कर इन तीनों कार्यों का एस्टीमेट तैयार करें, ताकि इसका प्रस्ताव एसडीएम संग्रह के माध्यम से माननीय जिलाधीश महोदय को भेजा जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।