नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में घरेलू विवाद के बाद मारपीट का एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस में दी शिकायत में कच्चा टैंक (मकान नंबर 66/10) निवासी जुलेखा ने अपने पति, सास और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ रास्ता रोककर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 29 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे की है। उस समय वह अपने बच्चों को घर पर सुला रही थी। इसी दौरान उसके पति , सास और कुछ अन्य रिश्तेदारों ने घर की सीढ़ियों पर लगे लोहे के गेट को ड्रिल मशीन से काटना शुरू कर दिया।

शिकायतकर्ता ने जब इस हरकत का विरोध किया तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। डर के मारे पीड़िता ने अपनी जान बचाने के लिए छत से दूसरी छत पर छलांग लगा दी और वहां से सड़क पर पहुंचकर पुलिस चौकी कच्चा टैंक की ओर जाने लगी। आरोप है कि रास्ते में कैंट चौक के सामने आरोपियों ने उसे घेर लिया और उसका रास्ता रोककर उसके साथ जमकर मारपीट की।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना नाहन में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है और मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई व छानबीन जारी है।