सराहाँ: राजकीय महाविद्यालय में नई PTA कार्यकारिणी का गठन; सुरेश कुमार बने अध्यक्ष

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : राजकीय महाविद्यालय सराहाँ में रविवार को अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की आम सभा का आयोजन महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में प्राचार्य डॉ. गुलशन कुमार धीमान की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में अभिभावकों, शिक्षकों तथा गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने भाग लिया।

बैठक का शुभारंभ प्रो. कृष्ण दत्त ने उपस्थित अभिभावकों एवं अन्य सदस्यों के स्वागत के साथ किया। इस दौरान पूर्व कार्यकारिणी को भंग कर आगामी कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।

नई कार्यकारिणी में सुरेश कुमार को अध्यक्ष, सुभाष ठाकुर को उपाध्यक्ष, प्रो. कृष्ण दत्त को सचिव, विक्रम सिंह को वरिष्ठ सलाहकार तथा शिशुपाल को सह-सचिव चुना गया। वहीं आशीष गौतम को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में सीता देवी, निशा देवी, किरण शर्मा, प्रो. देवेंद्र कुमार, प्रो. दिनेश कुमार तथा डॉ. मोल्लम डोलमा का चयन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. गुलशन कुमार धीमान ने अभिभावक-शिक्षक संघ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महाविद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के हित में पीटीए द्वारा पूर्व में दिए गए सहयोग और योगदान की सराहना की। उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर सदस्यों के साथ विचार-विमर्श करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए भविष्य में भी पीटीए से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

इस अवसर पर पीटीए के कोषाध्यक्ष आशीष गौतम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय एवं वित्तीय लेखा-जोखा सभा के समक्ष प्रस्तुत किया। नवनिर्वाचित पीटीए अध्यक्ष सुरेश कुमार ने महाविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

अंत में प्राचार्य डॉ. गुलशन कुमार धीमान ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं अभिभावकों का बैठक में सहभागिता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया, जिसके साथ बैठक का विधिवत समापन हुआ।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।