सिरमौर: 18.94 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार, I20 कार भी जब्त

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। उप-मण्डल पांवटा साहिब के अंतर्गत आते थाना माजरा क्षेत्र में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIU) ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 18.94 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद की है। इस मामले में अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह से जुड़े पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट नाहन की टीम मिश्रवाला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 (NH-07) पर नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को ‘हिमाचल होम स्टे’ के समीप एक संदिग्ध पंजाब नंबर की Hyundai I20 कार (PB65AH-5468) के संबंध में गुप्त सूचना प्राप्त हुई।

सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए SIU टीम ने कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 18.94 ग्राम अवैध चिट्टा (स्मैक) बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमरजीत सिंह (उम्र 38 वर्ष), निवासी खिजराबाद, जिला मोहाली (पंजाब) और गुरप्रीत सिंह (उम्र 30 वर्ष), निवासी गांव भंजौली, जिला मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जा रहा है, जहां से पुलिस उनकी रिमांड की मांग करेगी। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और सिरमौर क्षेत्र में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस अवैध नेटवर्क में शामिल अन्य मुख्य सप्लायरों और स्थानीय संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की तफ़्तीश जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।